अशोक गहलोत का चुनाव आयोग पर हमला, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर भड़के गहलोत

Deepak Sharma

अशोक गहलोत ने चुनाव आयोग की मंशा पर उठाए सवाल

सिटी पोस्ट लाइव
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यसमिति सदस्य और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार को पटना पहुंचे, जहां उन्होंने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू करना कई सवाल खड़े करता है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गहलोत ने सवाल किया कि आखिर चुनाव से पहले आयोग को ऐसी क्या जरूरत आन पड़ी कि वह इस तरह की प्रक्रिया शुरू कर रहा है? उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिहार के लोग कांग्रेस नेताओं से पूछते हैं कि हम अपना जन्म प्रमाण पत्र कहां से लाएं। उन्होंने चिंता जताई कि चुनाव आयोग की इस पहल से आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिसे तुरंत दूर करने की आवश्यकता है।

गहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया विपक्ष को विश्वास में लिए बिना की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और चुनाव आयोग को इस बारे में पारदर्शिता बरतनी चाहिए कि मतदाता पुनरीक्षण का काम चुनाव से ठीक पहले क्यों शुरू किया गया है।

गहलोत का यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और आयोग की भूमिका को लेकर कई राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं।

Share This Article