विश्व पर्यावरण दिवस पर जहानाबाद में निकाली गई जागरूकता रैली, ‘एक पौधा – एक वोट’ अभियान का हुआ शुभारंभ

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन जहानाबाद द्वारा मखदुमपुर में एक भव्य जागरूकता रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर ‘एक पौधा – एक वोट’ अभियान की शुरुआत करते हुए पर्यावरण संरक्षण को लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे नगर पंचायत मखदुमपुर कार्यालय से हुआ, जहां जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय की उपस्थिति ने आयोजन को नई ऊर्जा प्रदान की। रैली नगर पंचायत कार्यालय से शुरू होकर कृष्ण बंसी यमुने घाट तक निकाली गई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रैली का उद्देश्य दोहरा था — पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताना और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना। घाट पर पहुंचकर जिला पदाधिकारी ने ‘एक पौधा – एक वोट’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने नवमतदाताओं को पौधा भेंट कर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की सुरक्षा और लोकतंत्र की मजबूती दोनों आवश्यक हैं और दोनों में नागरिकों की समान भागीदारी जरूरी है।

इसके पश्चात घाट परिसर में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण की शुद्धता और हरियाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अभिनव पहल को स्थानीय लोगों एवं मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा सराहना मिली। कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Share This Article