सिटी पोस्ट लाइव
बांका: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने प्रगति यात्रा के तहत बांका जिले में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के पहले स्मार्ट विलेज का उद्घाटन किया और साथ ही 362 करोड़ रुपये की 178 योजनाओं का शिलान्यास भी किया। सीएम नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर निर्धारित समय पर बांका पहुंचा, जहां सबसे पहले उन्होंने रजौन प्रखंड के बाबरचक में बने स्मार्ट गांव का उद्घाटन किया। इसके बाद, उन्होंने जिले के विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। सीएम ने ओढ़नी डैम में बने रिसॉर्ट का भी निरीक्षण किया।
स्मार्ट गांव में बने नवसृजित विद्यालय का दौरा करते हुए, सीएम ने वहां पढ़ाई कर रहे बच्चों से मुलाकात की। इसके बाद, जलजीवन हरियाली के तहत निर्मित तालाब का भी निरीक्षण किया और तालाब के किनारे पौधारोपण किया। अधिकारियों ने सीएम को उन्नति ग्राम का मैप भी दिखाया, जिसमें गांव की उन्नति को दर्शाया गया। स्मार्ट गांव में लगभग 165 परिवारों के लिए आवास बनाए गए, जिनमें से 47 परिवार वर्तमान में रह रहे हैं। सीएम ने इन आवासों के लाभार्थियों से भी मुलाकात की।
स्मार्ट गांव में बने ग्रामीण हाट परिसर में जीविका दीदियों के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए, सीएम ने वहां बने उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद, वह उन्नति ग्राम में बने खेल मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने मंदार महोत्सव में विजेता टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने जिले में चल रही 178 योजनाओं के स्टॉल का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल की चाबी सौंपी और जीविका समूह को लोन का चेक दिया। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके घरों की चाबी भी सौंपी। इसके बाद, वह ओढ़नी डैम पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित रिसॉर्ट का निरीक्षण किया और मनरेगा पार्क के कैफेटेरिया व पार्किंग का शिलान्यास किया। साथ ही, जलक्रिडा के लिए 30 बोटों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएम ने अमरपुर प्रखंड के राजपुर मौजा में मेडिकल कॉलेज के लिए निर्धारित भूमि का निरीक्षण भी किया। इसके बाद, वह समाहरणालय में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल हुए, और फिर पटना के लिए रवाना हो गए। सीएम नीतीश कुमार की यह यात्रा बांका जिले में विकास के नए आयामों को स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।