सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज पर दांव, इंडिया गठबंधन ने बनाया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार…

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव

इंडिया गठबंधन ने आज उपराष्ट्रपति के लिए उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के रिटायर जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी पर बड़ा दांव खेला है। उनका टक्कर NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा। आइए जानते हैं कौन है बी सुदर्शन रेड्डी और गठबंधन ने क्यों चुना है उन्हें उम्मीदवार।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, I.N.D.I.A गठबंधन ने आज, मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए नाम का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जज बी सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इनके नाम की घोषणा की है। उनका सीधा मुकाबला NDA के सीपी राधाकृष्णन से होगा। वहीं, सबसे खास बात है कि दोनों उम्मीदवार दक्षिण से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में यह मुकाबला ‘दक्षिण बनाम दक्षिण’ होने की संभावना है। हालांकि, बी सुदर्शन रेड्डी के बारे में बता दें कि उनका जन्म 8 जुलाई 1946 को हुआ था। उन्होंने बीए, एलएलबी की पढ़ाई की है। उन्हें 2 मई, 1995 को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया। इसके बाद 5 दिसंबर 2005 को गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। वहीं, सुप्रीम कोर्ट जज के तौर पर 2011 में उनका रिटायरमेंट हुआ था। वे संयुक्त रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं।

गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होने वाली है। और उसी दिन गिनती भी हो जाएगी। बता दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। सबसे महत्वपूर्ण बात है कि 25 अगस्त तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते है। NDA उम्मीदवार राधाकृष्णन 20 अगस्त को नामांकन दाखिल करेंगे। 74 साल के उपराष्ट्रपति धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण उपराष्ट्रपति का चुनाव हो रहा है। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था।

Share This Article