बिहार चुनाव 2025: कुचायकोट में राजनीति से ऊपर उठा सम्मान जब JDU के पप्पू पांडेय और जन सुराज के विजय चौबे ने मिलाया हाथ

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सियासी गर्मी के बीच गोपालगंज जिले की कुचायकोट विधानसभा सीट से एक अनोखी और प्रेरक तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीति में सौहार्द और सम्मान का नया उदाहरण पेश किया। जहां एक ओर राज्यभर में चुनावी बयानबाजी और टकराव की घटनाएँ चर्चा में हैं, वहीं कुचायकोट से आई यह खबर राजनीति में संयम और सभ्यता की मिसाल बन गई है।

मामला उस समय का है जब लगातार तीन बार से विधायक और जेडीयू (JDU) के वरिष्ठ नेता अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय अपने समर्थकों के साथ रोड शो कर रहे थे। उसी दौरान, उसी रास्ते से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी विजय चौबे का काफिला भी गुजर रहा था। आमतौर पर ऐसी स्थिति में राजनीतिक तनाव या टकराव की संभावना रहती है, लेकिन इस बार दृश्य कुछ अलग था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दोनों काफिलों के आमनेसामने आने पर समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी, लेकिन इससे पहले कि स्थिति बिगड़ती, दोनों प्रत्याशियों ने संयम और आपसी सम्मान से माहौल को शांत कर दिया। JDU उम्मीदवार पप्पू पांडेय ने राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखते हुए उम्र में वरिष्ठ विजय चौबे को सम्मानपूर्वक सिर झुकाकर प्रणाम किया। इस कदम का जवाब देते हुए विजय चौबे ने भी हाथ जोड़कर अभिवादन किया। कुछ ही क्षणों में दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर सौहार्द का संदेश दिया और मुस्कुराते हुए अपनेअपने रास्ते आगे बढ़ गए।

यह दृश्य न केवल स्थानीय जनता बल्कि पूरे बिहार के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आया। चुनावी माहौल में जहां विरोधी दलों के बीच आरोपप्रत्यारोप आम हैं, वहीं यह घटना दिखाती है कि राजनीति विरोध की नहीं, विचारों के सम्मान की भी जगह है।

कुचायकोट विधानसभा सीट इस बार दिलचस्प मुकाबले का केंद्र बनी हुई है। एक ओर JDU के अनुभवी नेता अमरेंद्र (पप्पू) पांडेय हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक अनुभव से लैस जन सुराज के विजय चौबे। इसके अलावा कांग्रेस के हरि नारायण कुशवाहा के मैदान में उतरने से यह सीट त्रिकोणीय मुकाबले का केंद्र बन गई है।

Share This Article