बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का फैसला आज होने जा रहा है। पटना के एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में 14 विधानसभा सीटों की वोटिंग की गिनती शुरू हो चुकी है। सुरक्षा, पारदर्शिता और कड़ी व्यवस्था के बीच सुबह से ही अधिकारी रिजल्ट प्रक्रिया में जुटे हैं, और कुछ ही घंटों में यह साफ़ हो जाएगा कि पटना की जनता ने किसे मौका दिया है।
काउंटिंग के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग हॉल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक हॉल में 14 टेबल लगाई गई हैं, जहां 14 ईवीएम की एक साथ गिनती की जाएगी। मतगणना का हर राउंड लगभग 10 से 15 मिनट में पूरा होने का अनुमान है। जिला प्रशासन का कहना है कि सुबह 9 बजे से ही शुरुआती रुझान दिखने लगेंगे। उम्मीद है कि सबसे पहले मोकामा सीट का परिणाम सामने आएगा, जबकि दीघा सीट का रिज़ल्ट सबसे अंत में घोषित होने की संभावना है। मतगणना को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 920 कर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें 286 मतगणना पर्यवेक्षक, 348 सहायक और 286 माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हैं। दूसरी ओर, बुधवार को एनआईसी कार्यालय में मतगणना कर्मियों का दूसरा रैंडमाइजेशन भी किया गया, जिसमें डीएम, निर्वाचन प्रेक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मतगणना केंद्र में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया है और पूरे परिसर पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी की जा रही है। शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। डीएम त्यागराजन ने कहा कि वोटिंग की तरह ही मतगणना प्रक्रिया भी पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न होगी। उन्होंने मतदाताओं, अधिकारियों और पूरे प्रशासनिक तंत्र के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।