बिहार में होमगार्डों की बंपर बहाली: 13,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज, मानदेय में भी हुई भारी बढ़ोतरी

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के युवाओं के लिए खाकी वर्दी पहनने का सुनहरा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार ने बिहार पुलिस के साथ-साथ गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) में बड़े पैमाने पर रिक्तियों को भरने का निर्णय लिया है। गृह विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026-27 तक कुल 13,500 नए होमगार्ड के नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कदम राज्य की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

भर्ती का पूरा खाका और अब तक की प्रगति
राज्य सरकार द्वारा पूर्व में निर्धारित 15,000 होमगार्डों के नामांकन के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 11,438 अभ्यर्थियों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि शेष पदों को भरने के लिए विज्ञापन और चयन प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में सिपाही स्तर के साथ-साथ प्रशासनिक पदों पर भी नियुक्तियां की जा रही हैं, जिसके तहत अधिनायक लिपिक के 128 पदों के लिए विज्ञापन जारी हो चुका है और अधिनायक अनुदेशक के 244 पदों पर भर्ती हेतु बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) को अधियाचना भेज दी गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सेना के सेवानिवृत्त जवान देंगे ट्रेनिंग
होमगार्डों की कार्यक्षमता को पेशेवर बनाने के लिए सरकार ने विशेष योजना बनाई है। अब नए रिक्रूट्स को भारतीय सेना के सेवानिवृत्त अनुदेशक (Trainers) प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए 50 रिटायर्ड आर्मी ट्रेनर्स को मानदेय पर नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। वर्तमान में 34 जिलों में बुनियादी प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं, जहां हजारों जवानों को कानून और सुरक्षा की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।

मानदेय में वृद्धि: अब मिलेंगे 1121 रुपये प्रतिदिन
होमगार्ड जवानों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी उनके भत्ते को लेकर है। सरकार ने उनके दैनिक कर्तव्य भत्ते में शानदार बढ़ोतरी की है। पहले जवानों को 774 रुपये प्रति कार्य दिवस मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर 1121 रुपये कर दिया गया है। इससे जवानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और वे अधिक मनोबल के साथ ड्यूटी कर सकेंगे।

प्रशिक्षण और आवास की सुविधा के लिए राज्य के 33 जिलों में जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही यहां आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और भवन बनाए जाएंगे, ताकि गृह रक्षा वाहिनी का अपना एक सशक्त बुनियादी ढांचा हो।

Share This Article