सिटी पोस्ट लाइव
सहरसा। जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार के इनामी कुख्यात अपराधी चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस गिरफ्तारी को लेकर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
सहरसा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में फरार और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिहरा थाना और जिला सूचना इकाई की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिहरा थाना क्षेत्र के रहूआ चौक से 25 हजार के इनामी अपराधी चंदन कुमार को धर दबोचा। चंदन कुमार का स्थायी पता बिहरा थाना क्षेत्र के बेला बगरौली वार्ड 13 में है।

अपराधी के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज
गिरफ्तार अपराधी चंदन कुमार पर सहरसा जिले में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के दौरान एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इस अभियान में बिहरा थाना अध्यक्ष संतोष कुमार निराला, जिला सूचना इकाई के पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।