सिटी पोस्ट लाइव
बिहार पुलिस के आला अधिकारी थानों को ‘पीपुल्स फ्रेंडली’ बनाने और पुलिस-पब्लिक के बीच की दूरी कम करने के चाहे जितने दावे कर लें, लेकिन जमीन पर हकीकत आज भी बदस्तूर कड़वी है। ताजा मामला दरभंगा जिले से सामने आया है, जहाँ बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने वर्दी के नशे में चूर होकर न केवल कानून की धज्जियाँ उड़ाईं, बल्कि एक महिला की मौजूदगी में ऐसी भद्दी गालियां दीं जिसे सुनकर किसी का भी सिर शर्म से झुक जाए।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बेंता थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार इलाके में वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक महिला डॉक्टर अपनी कार से घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि सड़क पर जाम की स्थिति थी और इसी बीच गाड़ी गलती से ‘नो एंट्री’ क्षेत्र में प्रवेश कर गई। बस इतनी सी बात पर दारोगा साहब का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कानून का पाठ पढ़ाने वाले थानाध्यक्ष खुद अपनी जुबान पर लगाम नहीं रख पाए। उन्होंने कार का गेट खोलकर ड्राइवर के साथ अभद्रता शुरू कर दी और माँ-बहन की ऐसी भद्दी गालियां दीं जो सभ्य समाज में कल्पना से परे हैं।
पिस्तौल तानने और डराने का आरोप
गाड़ी में बैठी महिला डॉक्टर ने जब दारोगा की बदतमीजी का विरोध किया और शालीनता से कहा कि “अगर गलती हुई है तो आप फाइन काटिए, बदतमीजी मत कीजिए”, तो थानाध्यक्ष और उग्र हो गए। महिला डॉक्टर का आरोप है कि थाना प्रभारी इतने गुस्से में थे कि उन्होंने अपनी सरकारी पिस्टल निकालकर उन्हें डराने की कोशिश की। महिला का कहना है कि वे लगातार गुहार लगाती रहीं कि नियम उल्लंघन पर जुर्माना वसूला जाए, लेकिन वर्दी के रौब में चूर दारोगा ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं।
कागजों में सुधार, सड़कों पर बदतमीजी
यह घटना उस समय सामने आई है जब बिहार सरकार ने हाल ही में सख्त निर्देश दिए थे कि ड्यूटी के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। दरभंगा की इस घटना ने साबित कर दिया है कि पुलिस के कुछ अधिकारियों के लिए सरकार के फरमान महज कागज का टुकड़ा हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त थानाध्यक्ष का व्यवहार आम लोगों के प्रति अक्सर विवादित रहता है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या बिहार में ‘सुशासन’ का मतलब केवल वर्दी का खौफ है? क्या एक महिला के सामने सरेआम गाली-गलौज करना ही पुलिस का नया चेहरा है? फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।