सिटी पोस्ट लाइव
बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने राज्य में कोविड संक्रमण के संभावित बढ़ाव को लेकर बयान जारी करते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने कहा कि कोविड के नए वेरिएंट को लेकर घबराने की नहीं, बल्कि जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। मंत्री ने बताया कि जैसे ही राज्य में कोविड को लेकर जानकारी प्राप्त हुई, स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी प्रमुख अस्पतालों में जांच की सुविधा उपलब्ध है। नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NMCH) में कोविड के लिए विशेष वार्ड भी तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा, “जो नया वेरिएंट सामने आया है, उसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने निगरानी की श्रेणी में रखा है। इसका मतलब है कि यह गंभीर नहीं है, लेकिन इस पर नजर बनाए रखने की जरूरत है। सभी राज्यों में और खासकर उन स्थानों पर जहां स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं, वहां निगरानी अनिवार्य है।”
मंगल पांडेय ने बताया कि कोविड को लेकर राज्य भर के सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपल और अस्पताल अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने सभी व्यवस्थाओं को एक बार फिर से परखना शुरू कर दिया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित और सुदृढ़ प्रतिक्रिया दी जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिहार सरकार पूरी गंभीरता के साथ कोविड की स्थिति पर नजर रखे हुए है और आम जनता को डरने की नहीं, स्वास्थ्य गाइडलाइन का पालन करते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।