सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भाजपा ने राजद के मज़बूत गढ़ माने जाने वाले नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में अपनी पैठ बनाने के प्रयास तेज़ कर दिए हैं। इसी कड़ी में भाजपा नेता एवं पूर्व प्रमुख गणेश प्रसाद यादव ने होली मिलन समारोह के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। छौड़ादानो स्थित एक निजी सभागार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बनकटवा, बंजरिया और छौड़ादानो प्रखंड के हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी जोड़ा गया, जहां बाहरी कलाकारों द्वारा शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान भाजपा नेता गणेश प्रसाद यादव और वरुण कुमार सिंह ने हजारों कार्यकर्ताओं को रंग और गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। गणेश प्रसाद यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उमड़ी भारी भीड़ इस बात का संकेत है कि नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में जल्द ही भाजपा का परचम लहराएगा और बिहार में एनडीए सरकार और अधिक मज़बूती के साथ कायम होगी।