बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर अटकलें लगातार बढ़ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अभी औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके आवास से सामान शिफ्ट होने की खबरों ने इन चर्चाओं को और बल दे दिया है। बताया जा रहा है कि उनका सामान 1 अणे मार्ग से 7 सर्कुलर रोड ले जाया जा रहा है, जिसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।

हालांकि, इसी बीच मुख्यमंत्री आवास पर जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं की एक अहम बैठक हुई, जो करीब दो घंटे तक चली। इस बैठक में नई सरकार के गठन, संभावित मंत्रिमंडल और उसके स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संजय झा और विजय चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में युवाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने पर भी विचार हुआ। खबर यह भी है कि नीतीश कुमार 13 अप्रैल को कैबिनेट की आखिरी बैठक कर सकते हैं। इसके बाद 14 अप्रैल को उनके इस्तीफे की संभावना जताई जा रही है। उसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

दरअसल, इससे पहले अपने दिल्ली दौरे के दौरान नीतीश कुमार ने संकेत दिए थे कि वे आगे राष्ट्रीय राजनीति में ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि बिहार के साथ उनका जुड़ाव बना रहेगा और वे समय-समय पर पटना आते रहेंगे। इन घटनाक्रमों के बीच अब सबकी नजरें 13 और 14 अप्रैल पर टिकी हैं, क्योंकि यही तारीखें बिहार की राजनीति की अगली दिशा तय कर सकती हैं।