सिटी पोस्ट लाइव
पटना : लोजपा (रामविलास) के सुप्रीमो चिराग पासवान एनडीए से उखड़े-उखड़े कई दिनों से नज़र आ रहे थे, चाहे ताड़ी का मुद्दा हो या बढ़ते क्राइम का मुद्दा, बिहार में अपने गठबंधन की सरकार को छोड़कर विपक्ष के सुर में सुर मिलाने लग रहे थे, अब चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) ने एनडीए से अलग होने के संकेत दे दिए हैं। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल की बांछे खिल गई हैं और राजद विधायकों ने ताली पीटनी शुरू कर दी है। आरजेडी के विधायक मुकेश रोशन चिराग पासवान के तेवर देखकर इतने उत्साहित हो गए कि यहां तक कह दिया कि अब साफ हो गया है कि चिराग पासवान एकला चलो की नीति पर चल रहे हैं और एनडीए गठबंधन से अलग हो रहे हैं. चिराग पासवान अलग होने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं. विधानसभा का चुनाव नजदीक आ रहा है तो मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हो रहे हैं. नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी को आंख दिखा रहे हैं इसलिए तो आज एनडीए को गच्चा दे दिया। दरअसल, पूरा मामला एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बहिष्कार से जुड़ा हुआ है। जातीगत जनगणना पर एनडीए की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस का लोजपा (रामविलास) पार्टी ने बहिष्कार कर दिया और अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस अलग से की। यहां तक कि एनडीए की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिराग पासवान की तस्वीर तक लगाई गई थी, पर चिराग पासवान नहीं आए। वैशाली सर्किट हाउस में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने संबोधित किया. उनके पीछे चिराग पासवान की तस्वीर मुस्कुराती रही। राजीव रंजन प्रसाद ने किसी तरह चिराग पासवान के न आने और उनकी पार्टी से किसी नेता के न आने पर सफ़ाई देकर स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे कि कोई दूसरा कार्यक्रम होगा। कहीं और जाना होगा, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उससे तो एनडीए के नेताओं का चेहरा लटक गया और आरजेडी के नेता ताली पीटने लगे। चिराग पासवान की पार्टी की तरफ से उसी सर्किट हाउस में ही बाद में अलग से पीसी की गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले एलजेपी रामविलास के प्रदेश महासचिव मुकेश पासवान ने जातीय जनगणना के फायदे के बारे में बताया. कहा कि इसकी मांग लंबे समय से रामविलास पासवान ने भी की थी. चिराग पासवान भी जहां सभा करते थे वहां जातीय जनगणना की मांग करते थे. अब मोदी कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है. इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी और चिराग पासवान का आभार जताया. एनडीए से अलग होकर जातीय जनगणना पर लोजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों की? इस पर मुकेश पासवान ने कुछ भी साफ़ नहीं कहा। लेकिन इतना कहकर बहुत कुछ कह गए कि हम अपनी पार्टी की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, लेकिन गठबंधन के सभी नेताओं को शुभकामनाएं देते हैं. यह हमारी पार्टी की तरफ से अलग से प्रेस कॉन्फ्रेंस है. इसके बाद जो बात उन्होंने कह दी, वह दरार को और चौड़ी करने वाली बात थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आदेश पर अलग से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई है. अब राजद कह रहा है कि बात यहां तक पहुंच गई, इस बार फिर चिराग पासवान पिछली बार की तरह खेल करने की तैयारी में हैं। अब खेल करेंगे या यह सब करके ज़्यादा सीटें लेने का दबाव बना रहे हैं चिराग पासवान ?
चिराग पासवान ने दे दिए NDA से अलग होने के संकेत, तो RJD ने पीटी ताली