सिटी पोस्ट लाइव
मुंगेर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुप्रतीक्षित प्रगति यात्रा आज एक बार फिर से शुरू हो रही है। विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और जनता की समस्याओं से रूबरू होने के लिए मुख्यमंत्री आज मुंगेर का दौरा करेंगे। सुबह 10:00 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से मुंगेर के लिए रवाना होंगे। वहां पहुंचकर वे करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा निर्मित परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और उनके प्रभाव का आकलन करेंगे।
मुख्यमंत्री जीविका पुस्तकालय पहुंचेंगे, जहां वे लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण करेंगे। इसके बाद वे ऋषि कुंड पर्यटन स्थल का दौरा करेंगे और अधिकारियों से विस्तृत फीडबैक लेंगे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों के विकास को नई दिशा देना है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री रानी तालाब का निरीक्षण करेंगे और वहां चल रहे संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे मुंगेर शहर का दौरा कर विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लेंगे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा का अहम पड़ाव बड़ी समीक्षा बैठक होगी, जिसमें विभिन्न विभागों के सचिव, मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान, मुख्यमंत्री को मुंगेर में चल रही विकास परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट दी जाएगी। वे जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके निस्तारण के लिए ऑन द स्पॉट समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। मुंगेर में अपने व्यस्त कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद शाम को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौट आएंगे। उनकी इस यात्रा से मुंगेर के विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिलने की उम्मीद है।