सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस महिला की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने आज पटना में एक बड़ी बैठक बुलाई है। यह अहम बैठक सदाकत आश्रम में आयोजित होगी, जहां पूरे राज्य से महिला कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता और कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगी। इस बैठक में महिला कांग्रेस को और मजबूत बनाने के लिए अहम फैसले लिए जाएंगे। साथ ही, राज्य में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने और आगामी चुनाव में महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में इस पर भी चर्चा होगी कि राज्य सरकार की नीतियों और मुद्दों को लेकर महिलाओं के बीच किस तरह जागरूकता अभियान चलाया जाए। महिला कांग्रेस की टीम पूरे बिहार में महिला सशक्तिकरण, रोजगार और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर काम करेगी। कांग्रेस महिला की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा कल शाम पटना पहुंचीं और बैठक को लेकर बड़ा बयान दिया।
उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल संगठनात्मक चर्चा नहीं बल्कि बिहार की राजनीति में महिला कांग्रेस की निर्णायक भूमिका तय करने का मंच होगी। बैठक में बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर भी कार्यक्रम तय किया जाएगा। इसके साथ ही, महिला कांग्रेस के संगठन में बड़े बदलावों को लेकर भी आज अहम मंथन होगा।