बिहार हार पर कांग्रेस की बड़ी समीक्षा: खरगे आवास पर राहुल की आपात बैठक शुरू

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की करारी हार के बाद कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई है। राज्य में पार्टी सिर्फ 6 सीटों पर सिमट गई, जिसके बाद पटना से लेकर दिल्ली तक मंथन का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर शीर्ष नेतृत्व की बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें राहुल गांधी समेत वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी है। चुनावी हार के कारणों और आने वाली रणनीति पर इस बैठक में अहम चर्चा हो रही है।

कांग्रेस की बड़ी बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल खुद मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, बिहार चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार और महागठबंधन के खराब प्रदर्शन पर मंथन के लिए यह बैठक बुलाई गई है। बैठक में चुनाव परिणामों की समीक्षा, संगठनात्मक कमज़ोरियों की पहचान और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हो रही है। पार्टी का प्रदर्शन इस बार बेहद निराशाजनक रहा है। पिछली बार 19 सीटें जीतने वाली कांग्रेस इस बार सिर्फ 6 सीटों पर सिमट गई। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार कुटुम्बा सीट से हार गए और विधायक दल के नेता शकील अहमद खान को कदवा में जदयू प्रत्याशी दुलाल चंद्र गोस्वामी ने 18,368 मतों से पराजित कर दिया। इन लगातार झटकों के बीच कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व हार की वजहें समझने और सुधार के रास्ते तलाशने में जुटा है।
बिहार में इन सीटों पर कांग्रेस की जीत:
– वाल्मीकिनगर सीट से सुरेन्द्र प्रसाद ने जीत की दर्ज।
– चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से अभिषेक रंजन विजयी रहे।
– फारबिसगंज सीट पर मनोज विश्वास ने अपना परचम लहराया है।
– अररिया विधानसभा क्षेत्र से आबिदुर रहमान ने प्रभावी जीत दर्ज की है।
– किशनगंज सीट से मोहम्मद कमरूल होदा जीते।
– मनिहारी सीट से मनोहर प्रसाद सिंह ने जीत हासिल की है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

चुनावी नतीजों के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं के आभारी हैं, जिन्होंने महागठबंधन पर भरोसा जताया। उन्होंने परिणामों को चौंकाने वाला बताया और कहा कि कांग्रेस एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सकी, जिसकी प्रक्रिया शुरू से ही निष्पक्ष नहीं थी। उन्होंने इसे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई करार दिया और कहा कि कांग्रेस तथा INDIA गठबंधन इन नतीजों की गहराई से समीक्षा करेगा तथा लोकतंत्र को बचाने की अपनी कोशिशों को और मजबूती देगा

Share This Article