उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला: “सदन में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, मैं कायर नहीं”

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है। सिन्हा ने तेजस्वी पर सदन के अंदर ‘गुंडागर्दी’ करने का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी है कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वयं को ‘शिक्षक का बेटा’ बताते हुए तेजस्वी को ‘सही’ करने का दावा किया है।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने बुधवार (23 जुलाई 2025) को मीडिया से बात करते हुए कहा, “तेजस्वी यादव सदन के अंदर गुंडागर्दी करना चाहते हैं, लेकिन इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैं एक शिक्षक का बेटा हूं, कायर नहीं। मैं ऐसे गुंडे को सही करना जानता हूं।” सिन्हा का यह बयान बिहार विधानसभा के भीतर जारी गहमागहमी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच आया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

राष्ट्रीय जनता दल द्वारा चुनाव बहिष्कार की कथित धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव को पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर को संभालने की सलाह दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “ये (तेजस्वी यादव) तो अपने माता-पिता की अनुकंपा पर चुनाव जीत कर आ गए हैं।” सिन्हा ने RJD की ‘गुंडागर्दी’ की संस्कृति पर भी प्रहार किया और कहा कि यह अब ‘सुशासन की सरकार’ में नहीं चलेगा।

उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा, “हमने कल भी कहा था कि गुंडागर्दी सदन के अंदर नहीं चल सकती। आप सदन के अंदर गुंडागर्दी कर रहे हैं। किसी भी हालत में सदन की मर्यादा को तोड़ने नहीं दिया जाएगा। मैं कायर नहीं हूं।” उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए किसी भी हद तक जाएंगे और किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

विजय सिन्हा के इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बढ़ते टकराव के रूप में देखा जा रहा है, खासकर आगामी राजनीतिक घटनाक्रमों से पहले।

Share This Article