उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का बेगूसराय दौरा: विपक्ष पर साधा निशाना, बोले – “अपराध अब बीमारी है, हम इसे जड़ से खत्म करेंगे”

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा आज बेगूसराय में आयोजित एक राम कथा महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने एक बार फिर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

सिन्हा ने कहा कि विपक्ष अपराध से मुक्ति चाहता है, लेकिन वह अपने शासनकाल में हुए अपराधों को छुपाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने तुलनात्मक विश्लेषण पर जोर देते हुए कहा, “एनडीए सरकार में अपराध पर त्वरित कार्रवाई होती है, लेकिन जब-जब राजद और कांग्रेस की सरकारें आईं, तब-तब अपराध और भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई।” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जब सत्ता में था, तो उसने अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को बचाने का खेल खेला। उपमुख्यमंत्री ने दावा किया, “आज कोई भी अपराधी या भ्रष्टाचारी बच नहीं पा रहा है और उस पर त्वरित कार्रवाई हो रही है। पहले अपराध एक महामारी के रूप में फैला हुआ था, लेकिन अब यह महामारी नहीं, बल्कि एक बीमारी है। हम इस बीमारी को हर हाल में खत्म करेंगे।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर दुख व्यक्त:

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अहमदाबाद में हुई प्लेन दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे “बड़ी दुखद और कल्पना से परे घटना” बताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। सिन्हा ने कहा कि यह घटना “मां भारती के संतानों को और पूरे विश्व को स्तंभित कर दिया है।” उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह घटना स्थल पर गए हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।

कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर पलटवार:

कांग्रेस द्वारा “नौकरी दो, गद्दी छोड़ो” प्रदर्शन पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस के “दोहरे चरित्र” को उजागर किया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस आतंकवाद, उग्रवाद और अपराध के साथ मिलकर सत्ता में रहती थी, तब बिहार में लोगों को पलायन के लिए विवश किया गया और निवेश को भगाने का खेल खेला गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के साथ कांग्रेस एक मजबूत सहयोगी के रूप में खड़ी रही, जिसके कारण बिहार में पलायन, अपराध और नरसंहार का खेल शुरू हुआ।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी इन समस्याओं का समाधान करने की मंशा नहीं रखी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस भले ही दशकों तक सत्ता में रही हो, लेकिन आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निवेशक ला रहे हैं और पलायन भी रोक रहे हैं। उन्होंने अंत में कहा कि सरकार स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार के अवसर भी पैदा कर रही है।

Share This Article