डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने किया भामा साह पार्क सौंदर्यीकरण योजना का शिलान्यास, तेजस्वी पर भी साधा निशाना

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को अपने दो दिवसीय विधानसभा दौरे के दौरान लखीसराय शहर को एक नई सौगात दी। उन्होंने नया बाजार स्थित बड़ी दुर्गा स्थान मंदिर के पास भामा साह पार्क एवं ऐतिहासिक कुएं के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यह योजना विजय सिन्हा की विधायक निधि से संचालित की जा रही है।

इस अवसर पर जिले के डीएम मिथलेश मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि भामा साह जैसे राष्ट्रभक्तों से आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की स्मृतियों को सहेजने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मीडिया से बातचीत के दौरान विजय सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी को काम करने का मौका मिला, तब उन्होंने कुछ नहीं किया। अब जब एनडीए सरकार जनहित में योजनाएं चला रही है, तो विपक्ष बेचैन और असहज हो गया है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर मर्यादा विहीन भाषा के प्रयोग का आरोप लगाते हुए उन्हें ‘जंगलराज और अराजकता वाले विद्यालय का छात्र’ तक कह डाला।

डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार विकास की राह पर तेजी से बढ़ रही है और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से जनता अब प्रभावित नहीं होती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लखीसराय समेत पूरे बिहार में आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने की दिशा में सरकार कड़े कदम उठा रही है।

Share This Article