जहानाबाद: जहानाबाद की अदालत में एक व्यक्ति ने घुसकर जज पर पत्थर फेंक दिया। इस घटना से न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जहानाबाद व्यवहार न्यायालय में सुरक्षा की उस वक्त पोल खुल गई जब एक शख्स ने एक्साइज वन के जज के कोर्ट में घुसकर पत्थर फेंककर हमला कर दिया। अचानक हमले से लोग हैरत में पड़ गए। वहां उपस्थित सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से उस शख्स को पकड़ लिया गया। उसे स्थानीय नगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। नगर थाने की पुलिस शख्स से पूछताछ करने के साथ-साथ मामले की जांच में जुट गई है।
क्या है मामला
दरअसल, जहानाबाद व्यवहार न्यायालय स्थित एक्साइज वन के जज पुष्पम कुमार झा अपने कोर्ट में बैठकर मामले की सुनवाई कर रहे थे उसी समय एक शख्स अंदर घुसकर पत्थर फेंकने लगा। पत्थर आसन की ओर भी जा गिरा।गनीमत यह रही कि जज को कोई गंभीर चोट नहीं लगी।हालांकि पत्थर के एक टुकड़े से जज के एक हाथ में चोट लगने की बात भी सामने आ रही है। जज के निर्देश पर उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर थाने में उससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
युवक का नाम अखिलेश
नगर थानाध्यक्ष दिवाकर विश्वकर्मा के अनुसार पकड़े गए शख्स का नाम अखिलेश कुमार है जो जहानाबाद जिले के पारस बिगहा थाने के सोहरईया गांव का रहने वाला है। इस बाबत एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया शख्स प्रथम दृष्टया विक्षिप्त लग रहा है। उसके बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।