सिटी पोस्ट लाइव
आज की भागदौड़ भरी जिदंगी में हर कोई अपने काम में व्यस्त है। लोगों को खुद के लिए समय निकालना बेहद जरूरी हो गया है। काम के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक लेना बहुत जरूरी है, यह हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है। साथ ही हमारी प्रोडक्टिविटी और क्रिएटिविटी को भी बूस्ट करती है। क्या आपने कभी सोचा है कि पूरे दिन कुर्सी पर बैठे-बैठे काम करने से आपका शरीर और दिमाग परेशान हो जाते हैं? फिर भी हम अक्सर ब्रेक लेना भूल जाते हैं। आज आपको बताएंगे कि ब्रेक लेना कितना जरूरी है और इसे अपनी जिदंगी का हिस्सा कैसे बनाए।
दरअसल, ज्यादा देर तक काम करने से हमारा दिमाग और शरीर दोनों थक जाते हैं। एक ही जगह बैठे रहने से या एक ही काम पर ध्यान देने से तनाव बढ़ता है और एकाग्रता कम होने लगती है। रिसर्च के अनुसार, हमारा दिमाग 90-120 मिनट से ज्यादा देर तक पूरी तरह केंद्रित नहीं रह सकता। ऐसे में छोटे-छोटे ब्रेक लेने से दिमाग को आराम मिलता है और इसे तरोताजा महसूस होता है। लंबे समय तक निष्क्रिय रहने से शरीर में अकड़न, कमर दर्द और थकान जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी कहता है कि हर 30-60 मिनट में कुछ मिनट का ब्रेक लेकर हल्की शारीरिक गतिविधि करना सेहत के लिए फायदेमंद है। यह शारीरिक समस्याओं को कम करने से लेकर मानसिक तनाव को भी दूर करने में मदद करता है। बता दे, काम के बीच ब्रेक लेने के कई फायदे हैं, जैसे- तनाव कम होना, क्रिएटिविटी और प्रोडक्टिविटी को बढ़ना, शारीरिक स्वास्थ्य और मूड का बेहतर होना और ऊर्जा में बढ़ोतरी होती है। वहीं, कामों के बीच ब्रेक लेने के कई सारे तरीके हैं। पहला, पोमोडोरो तकनीक, जो एक टाइम मैनेजमेंट तकनीक है, जिसमें आप 25 मिनट तक काम करते हैं और फिर 5 मिनट का ब्रेक लेते हैं। हर चार सेशन के बाद 15-30 मिनट का लंबा ब्रेक लिया जाता है। यह तकनीक प्रोडक्टिविटी बढ़ाने और थकान कम करने में बहुत कारगर साबित होता है। दूसरा, आंखों को आराम दें। अर्थात 20-20-20 का नियम अपनाएं। हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर किसी चीज को देखें। इससे आंखों की थकान कम होती है। तीसरा, स्क्रीन से दूरी बनाएं। चौथा, शारीरिक क्रियाकलाप करें। यानी ब्रेक के दौरान कुर्सी से उठकर थोड़ा टहलें और स्ट्रेचिंग करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और शरीर में अकड़न कम होती है।
गौरतलब है कि लंबे समय तक काम करने से कई तरह की समस्याएं होती है। इसके लिए कामों के बीच ब्रेक लेने की आदतों को विकसित जरूर करें। जैसे 1-2 घंटे में ब्रेक लेने का रिमाइंडर सेट जरूर करें। और 2-3 मिनट के ब्रेक के साथ शुरूआत करें, फिर धीरे-धीरे आदत को बढ़ाएं। कोशिश करें कि रोजाना एक ही समय पर ब्रेक लें। अपने ऑफिस के दोस्तों के साथ ब्रेक लेने की कोशिश करें।