बिहार महिला कांग्रेस में भूचाल: अध्यक्ष सरवत जहां फातिमा ने दिया इस्तीफा…

Ritu Raj

बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरवत जहां फातिमा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि पार्टी ने अब तक बनी सभी महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों को चुनाव में टिकट दिया है, जबकि उन्हें यह अवसर नहीं मिला है।

बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरवत जहां फातिमा ने अपने इस्तीफे का कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी में महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा। उन्होंने प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पर तंज कसते हुए कहा कि भीड़ जुटाने के लिए महिलाएं चाहिए, लेकिन कुर्सी पर महिलाएं नहीं चाहिए। इसके साथ ही बताया कि बिहार कांग्रेस ने विधानसभा और विधान परिषद चुनाव में महिलाओं को केवल 8% प्रतिनिधित्व दिया। 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद सिर्फ 5 महिलाओं को ही टिकट मिला है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते यह उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा। आगे कहा कि महिला नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का उद्देश्य इस बार पूरा नहीं हो सका। उनके इस्तीफे का मुख्य कारण यही था कि परंपरागत रूप से पूर्व महिला अध्यक्षों को चुनाव में टिकट मिलता रहा। लेकिन इस बार उन्हें, जो वर्तमान अध्यक्ष हैं और अल्पसंख्यक समुदाय से हैं, टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने राहुल गांधी के नारी न्याय और समान अधिकार के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार यह परंपरा तोड़ी गई है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, सरवत ने कहा कि जब उन्होंने टिकट को लेकर अपने प्रभारी से चर्चा की, तो उन्हें बताया गया कि टिकट केवल ‘जीतने वाली’ महिलाओं को दिया जाएगा। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि आखिर पार्टी किन्हें जीतने योग्य समझती है, यह वही बेहतर जानते हैं। उनके मुताबिक, महिला कांग्रेस की सभी कार्यकर्ता जमीन से जुड़ी हैं और हर आंदोलन, जनसभा और धरना प्रदर्शन में सबसे आगे रहती हैं। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं के रहते भी महिलाओं को सीमित प्रतिनिधित्व देना बेहद निराशाजनक है।

Share This Article