हेमन ट्रॉफी सीनियर क्रिकेट में रोहतास ने तोड़ दी कैमूर की जीत की लय

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

आरा। बिहार क्रिकेट संघ और भोजपुर जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हेमन ट्रॉफी अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता का पांचवां मैच कैमूर और रोहतास के बीच सुबह 9:00 बजे महाराजा कॉलेज के टर्फ विकेट पर खेला गया। कैमूर के कप्तान विकास पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहतास की टीम ने 42.3 ओवर में 10 विकेट पर 206 रन बनाए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रोहतास की ओर से तरुण ने शानदार 97 रन की पारी खेली, समरजीत ने 35 और सिद्धार्थ ने 29 रन जोड़े। इनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। एक समय रोहतास का स्कोर 176 पर सिर्फ 4 विकेट था, लेकिन कैमूर के गेंदबाजों ने शानदार वापसी कर पूरी टीम को 206 रनों पर समेट दिया। कैमूर के लिए धनेश चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, विकास पटेल ने 3 विकेट लिए, जबकि अनुभव और गोपी को 1-1 विकेट मिला।

206 रनों का पीछा करने उतरी कैमूर की टीम 35 ओवर में केवल 147 रन पर ऑल आउट हो गई। कैमूर की ओर से शशांक ने 38 रन, आदित्य और निशांत ने 26-26 रन तथा अनुभव ने 15 रन बनाए। अतिरिक्त रनों की संख्या 27 रही। रोहतास की ओर से मोहम्मद परवेज आलम ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि सागर, अंशु और शुभम को 2-2 विकेट मिले।

इस तरह रोहतास ने कैमूर को 57 रनों से हराकर जीत दर्ज की। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी दीपक और नीरज ने निभाई। मैन्युअल स्कोरिंग मोहम्मद शाहबाज और ऑनलाइन स्कोरिंग प्रियांशु ने की। इस मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए रोहतास के तरुण को “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार इरास्तुति की ओर से बिहार क्रिकेट संघ के अंपायर द्वारा प्रदान किया गया।

पूरे मैच के दौरान भोजपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, पूर्व सीनियर खिलाड़ी संजय कुमार, राकेश सिंह, कैमूर जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सीनियर खिलाड़ी संजय कुमार, आकाश कुमार, रोहतास जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष और भोजपुर जिला क्रिकेट संघ के विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे। अगला मुकाबला भोजपुर और रोहतास जिला के बीच महाराजा कॉलेज के टर्फ विकेट पर खेला जाएगा।

Share This Article