सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) ऑनलाइन परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। इस घोटाले के मास्टरमाइंड आदित्य कुमार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गिरफ्तार कर लिया है। आदित्य ने परीक्षा में प्रोक्सी सर्वर लगाकर सिस्टम को हैक किया और ऑनलाइन परीक्षा में धांधली की। 1 दिसंबर को आयोजित CHO परीक्षा में आदित्य कुमार ने प्रोक्सी सर्वर का इस्तेमाल कर सभी कंप्यूटरों को हैक कर लिया था। इसके जरिए बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई, लेकिन अगले ही दिन 2 दिसंबर को इस घोटाले का पर्दाफाश हो गया।
परीक्षा को तुरंत स्थगित कर दिया गया और पूरे मामले की जांच शुरू हुई। घोटाले की जांच में जुटी आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने अब तक 38 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में लाखों रुपये की लेनदेन से जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं। पूछताछ में सामने आया कि आदित्य कुमार ही परीक्षा में प्रोक्सी सर्वर लगाने का मुख्य आरोपी था। गिरफ्तारी के बाद आदित्य कुमार को जेल भेज दिया गया है, लेकिन आर्थिक अपराध इकाई रिमांड पर लेकर और गहराई से पूछताछ करेगी। इस घोटाले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।