सिटी पोस्ट लाइव
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज़ होती जा रही है। सभी राजनीतिक दलों में जोड़-तोड़ और समीकरण साधने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में मोतिहारी के ढाका विधानसभा क्षेत्र के घोड़ासहन स्थित अंबेडकर सभागार में रविवार को राजद का एक भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों — जिनमें भाजपा, जदयू और अन्य क्षेत्रीय दल शामिल हैं — से इस्तीफा देकर सैकड़ों युवाओं ने राजद का दामन थाम लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक फैसल रहमान ने किया, जिन्होंने सभी नव-शामिल युवाओं को पार्टी की टोपी और गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक फैसल रहमान ने कहा कि ढाका विधानसभा के वर्तमान जनप्रतिनिधियों की लूट-खसोट और जनविरोधी नीतियों से आक्रोशित होकर युवा वर्ग अब बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा कि राजद में शामिल होने वाले युवाओं ने न केवल तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है, बल्कि ढाका सीट को प्रचंड बहुमत से जीतने का भी लक्ष्य तय किया है।
समारोह में युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने ‘तेजस्वी भवः’ के नारों के साथ बदलाव की लहर को तेज करने का ऐलान किया। यह साफ है कि आगामी चुनाव में युवा शक्ति राजद के लिए बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।