पटना में सड़क किनारे ज़्यादा देर पार्किंग पर बजेगा अलार्म, डिजिटल लाइन से बदलेगा नियम!…

Ritu Raj

पटना में कानून-व्यवस्था को और चुस्त करने के लिए प्रशासन अब हाई-टेक मॉडल पर काम कर रहा है। स्मार्ट सिटी के ICCC कैमरों को नए फीचर्स से जोड़ते हुए सड़क किनारे लंबे समय तक खड़ी रहने वाली गाड़ियों पर अब सीधा कंट्रोल रूम को अलर्ट जाएगा। किसी वाहन का चोरी, अपहरण, बम ब्लास्ट की साज़िश या किसी अन्य अपराध में इस्तेमाल रोकने के लिए शहर की सड़कों पर डिजिटल लाइनें ड्रॉ की जा रही हैं, जिनके भीतर गाड़ी निर्धारित समय से अधिक रुकी तो तुरंत सिस्टम एक्टिव होकर अलर्ट भेज देगा। इससे संदिग्ध वाहनों पर रियल टाइम निगरानी और भी मजबूत होगी।

अगर कोई वाहन निर्धारित डिजिटल लाइन के बाहर पार्क किया जाता है, तो उस पर सीधे कार्रवाई होगी। यह डिजिटल लाइन केवल ICCC कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर ही दिखाई देगी, ताकि निगरानी पूरी तरह टेक-ड्रिवन और सटीक रहे। इसके लिए आईटी टीम तेजी से काम कर रही है। सिस्टम में एक निश्चित समय सीमा सेट की जाएगी—और यदि कोई गाड़ी उस अवधि से अधिक देर तक सड़क किनारे खड़ी रहती है, तो कैमरा तुरंत अलर्ट भेज देगा। ऐसे मामलों में न सिर्फ खतरे की आशंका पर नज़र रखी जाएगी, बल्कि नियम तोड़ने वालों पर ई-चालान भी जारी किया जाएगा। कई घंटों से खड़ी गाड़ियों पर कैमरों की निगरानी के साथ-साथ मैन्युअल सर्विलांस भी किया जाएगा। संदिग्ध स्थिति मिलने पर संबंधित थाने की पुलिस को तुरंत सूचना दी जाएगी, ताकि टीम मौके पर जाकर जांच कर सके।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दरअसल, इस सिस्टम के लागू होने से कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक,दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। यह कदम इसलिए भी अहम है, क्योंकि शहर में कई लोग अपनी गाड़ियों को दो–तीन दिन तक सड़क किनारे छोड़ देते हैं, जिससे न केवल यातायात में बाधा होती है, बल्कि कई इलाकों में जाम जैसी समस्या भी पैदा होती है। नया डिजिटल पार्किंग मॉनिटरिंग सिस्टम ऐसी स्थितियों पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article