सिटी पोस्ट लाइव :वक्फ संसोधन विधेयक को लेकर जेडीयू के अंदर घमाशान जारी है. वक्फ संसोधन विधेयक पर बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेट (JDU) के मुस्लिम नेताओं का इस्तीफा देने का सिलसिला जारी है. वक्फ बिल पर जेडीयू के स्टैंड के बाद बिहार के मोतिहारी जिले में बड़ी संख्या में मुस्लिम नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. मोतिहारी में एक साथ 15 मुस्लिम नेताओं ने नाराज होकर जेडीयू का साथ छोड़ दिया है.
मोतिहारी के एक मुस्लिम बहुल इलाका ढाका विधानसभा के जेडीयू के 15 मुस्लिम नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. इस दौरान इन नेताओं ने सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की. इन नेताओं का कहना था कि हमलोग नीतीश कुमार को मुसलमानों का हितैषी समझते थे. लेकिन, उन्होंने वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करके मुसलमानों का भरोसा तोड़ दिया है.
इन 15 नेताओं के अलावा कुछ अन्य मुस्लिम कार्यकर्ताओं ने भी जेडीयू से इस्तीफा दिया है. हालांकि इससे पहले मुस्लिम नेताओं की नाराजगी की बात को नकारते जेडीयू के कई सीनियर लीडर्स ने 2 दिन पहले पटना पार्टी दफ्तर में प्रेस कांफ्रेंस किया था. इस प्रेस कांफ्रेंस में शामिल सभी नेताओं ने दावा किया था कि जेडीयू के अंदर कोई नाराजगी नहीं है. कुछ लोग सिर्फ अफवाहों का बाजार बना रहे हैं.