सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के करीबी राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद संजय यादव से रंगदारी मांगी गई है। सांसद संजय यादव को किसी ने फ़ोन करके रंगदारी देने को कहा है और रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। इसके बाद सचिवालय थाने में संजय यादव ने मामला दर्ज कराया है।
संजय यादव को मोबाइल पर कॉल करके रंगदारी मांगी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर नंबर को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस पर डाल दिया है। पुलिस मामले के जांच में जुटी है।
राजद के राज्यसभा सांसद को जान से मारने की धमकी दिए जाने की जानकारी देते हुए राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने बताया कि एक कुख्यात अपराधी ने संजय यादव से पहले मोटी रकम की मांग की और नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। यह धमकी अंतर्राष्ट्रीय कुख्यात अपराधी जोगिंदर ग्योंग उर्फ़ जोगा डॉन ने विदेशी नंबर से कॉल कर दी है।
इस धमकी भरे कॉल में जोगिंदर ने यह भी कहा है कि अगर मुंह मांगी क़ीमत बीस करोड़ नहीं दिया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। इस बाबत पटना के सचिवालय थाना में एक लिखित रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है और इसकी जानकारी डीजीपी बिहार से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हरियाणा के साथ दिल्ली के कम्निश्नर ऑफ़ पुलिस को भी दे दी गई है।