लालू प्रसाद यादव की आंख का सफल ऑपरेशन, सिंगापुर किडनी ट्रांसप्लांट के बाद अब दिल्ली में सर्जरी…

Ritu Raj

राजद सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के दौरान उनकी बेटी और पाटलिपुत्र सांसद मीसा भारती उनके साथ मौजूद रहीं। डॉक्टरों ने बताया कि यह सर्जरी पूरी तरह सफल रही और लालू यादव के स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद है।

सूत्रों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद लालू प्रसाद यादव की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों का कहना है कि कुछ दिनों के आराम के बाद उनकी आंखों की रोशनी में सुधार होने की उम्मीद है। इस दौरान राजद के नेताओं और समर्थकों ने उन्हें जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। दरअसल, लालू यादव लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। याद दिला दें कि दिसंबर 2022 में सिंगापुर में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी दान की थी। इसके बाद से वह नियमित रूप से दिल्ली आकर मेडिकल फॉलोअप कराते रहे हैं। किडनी ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार देखा गया, लेकिन उम्र और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

किडनी ट्रांसप्लांट के अलावा, लालू प्रसाद यादव को हृदय, ब्लड शुगर और अन्य उम्र संबंधी बीमारियों की भी समस्या रही है। यही वजह है कि वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। हालांकि, पार्टी के अहम राजनीतिक फैसलों और चुनावी रणनीति में उनकी भागीदारी अभी भी बरकरार है। हालांकि, आंखों के सफल ऑपरेशन की खबर सामने आने के बाद राजद के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता राहत महसूस कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि लालू यादव का स्वास्थ्य पहले की तुलना में बेहतर है और वे डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आराम और इलाज कर रहे हैं।

Share This Article