सिटी पोस्ट लाइव
राजनीति में भावनाओं की नहीं, सिद्धांतों की चलती है और यही दिखा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के भीतर, जब पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने ही बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इस निर्णय की पृष्ठभूमि बनी तेज प्रताप की विवादित फेसबुक पोस्ट, जिसमें उन्होंने एक महिला के साथ 12 साल के रिश्ते का खुलासा किया। हालांकि तेज प्रताप ने दावा किया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और पोस्ट AI द्वारा बनाई गई तस्वीरों के जरिए उन्हें बदनाम करने की साजिश है मगर पिता लालू ने इस सफाई को नहीं माना।

लालू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखे एक बयान में कहा: “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करती है। मेरे ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार परिवार के संस्कारों के अनुरूप नहीं हैं।
इसलिए, उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी और परिवार से निष्कासित किया जाता है।”
उन्होंने आगे लिखा “जो उनके साथ संबंध बनाए रखना चाहते हैं, वह स्वविवेक से निर्णय लें। लोकलाज और जवाबदेही सार्वजनिक जीवन की नींव हैं और परिवार के अन्य सदस्य इसी पथ पर चले हैं।”