बिहार में पुल हादसों से सबक, इंजीनियरों को IIT विशेषज्ञों से मिल रही ट्रेनिंग: अशोक चौधरी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में हाल के वर्षों में पुल गिरने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार अब एक्शन मोड में है। ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से पुल निर्माण की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के लिए आज सभी इंजीनियरों को आईआईटी के विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य है कि भविष्य में किसी भी पुल के गिरने जैसी घटनाएं दोबारा न हों।

ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि, “पिछले वर्ष दो बड़े पुलों के गिरने से सरकार की काफी आलोचना हुई थी। इसलिए अब हम पुल निर्माण को लेकर कोई कोताही नहीं बरतेंगे। इंजीनियरों को तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष बनाने के लिए यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

वहीं, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा अल्पसंख्यकों को लेकर दिए गए बयानों और वक्फ बोर्ड पर विवाद के संबंध में मंत्री चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा, “जो लोग एम-वाई समीकरण की बात करते हैं, उन्हें यह भी देखना चाहिए कि उनके शासन में कितने अल्पसंख्यक विद्यालय या विश्वविद्यालय बने, कितनों को रोजगार मिला। नीतीश कुमार के शासनकाल में अल्पसंख्यकों को शिक्षा, ट्रेनिंग और रोजगार में लगातार अवसर मिले हैं।”

तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि “नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में कुछ नहीं किया”, अशोक चौधरी ने खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा, “तेजस्वी यादव बताएं कि नीतीश कुमार ने क्या नहीं किया, मैं हर मुद्दे पर उनसे सार्वजनिक बहस को तैयार हूं। हम विकास की राजनीति करते हैं, न कि धर्म या जाति की।”

Share This Article