सिटी पोस्ट लाइव
नए साल के आगमन से ठीक पहले बिहार सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर पर प्रोन्नति (Promotion) का तोहफा दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के कई अधिकारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है। इसमें एडीजी से लेकर डीआईजी और आईजी स्तर तक के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सरकार के इस फैसले से पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और संगठनात्मक मजबूती आने की उम्मीद है।
कुंदन कृष्णन को मिली पुलिस महानिदेशक (DG) रैंक
बिहार कैडर के 1994 बैच के तेजतर्रार और वरिष्ठ IPS अधिकारी कुंदन कृष्णन को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) से पदोन्नत कर पुलिस महानिदेशक (DG) बनाया गया है। उनकी यह प्रोन्नति 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। वर्तमान में श्री कृष्णन केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद, जब भी वे बिहार वापस लौटेंगे या पदभार ग्रहण करेंगे, उनकी यह नई रैंक आधिकारिक रूप से मान्य हो जाएगी।
आईजी और डीआईजी स्तर पर प्रोन्नति
गृह विभाग ने 2008 बैच के अधिकारियों पर भी भरोसा जताया है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों— मनोज कुमार, संजय कुमार और विवेकानन्द को पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) से पदोन्नत कर पुलिस महानिक्षक (IG) के पद पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, इसी बैच के 5 ऐसे अधिकारियों को भी प्रोफार्मा प्रोन्नति (Proforma Promotion) दी गई है जो वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली या अन्य स्थानों पर तैनात हैं। इनमें उपेन्द्र कुमार शर्मा, सत्य वीर सिंह, विकास बर्मन, किम और निताशा गुड़िया के नाम शामिल हैं।
2012 और 2013 बैच के लिए खुशखबरी
अधिसूचना की सबसे बड़ी खबर 2012 बैच के लिए रही, जहाँ 22 आईपीएस अधिकारियों को एक साथ डीआईजी (DIG) रैंक में प्रमोट किया गया है। वहीं 2013 बैच के 12 अधिकारियों को प्रवर कोटि (Selection Grade) में प्रोन्नति दी गई है। इनमें मनीष, विशाल शर्मा, उपेंद्र नाथ वर्मा और गौरव मंगला जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
इस प्रोन्नति के साथ ही इन अधिकारियों का वेतनमान अब लेवल-13 (1,23,100 – 2,15,900) हो जाएगा। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस पदोन्नति से फिलहाल अधिकारियों के वर्तमान पदस्थापन (Posting) पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।