सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा वक्फ संपत्ति को लेकर गांधी मैदान की जनसभा में दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी यादव ने कहा था कि “वक्फ किसी के बाप की संपत्ति नहीं है”, जिस पर पलटवार करते हुए मंगल पांडे ने इस भाषा को “अमर्यादित” और “लोगों को खुश करने वाली राजनीति” करार दिया।
मंगल पांडे ने कहा, “ऐसी भाषा वही लोग इस्तेमाल करते हैं जो राजनीति में मर्यादा भूल चुके हैं। देश संविधान से चलता है, और वही संविधान डॉ. भीमराव अंबेडकर ने बनाया है। जब संसद किसी विषय पर निर्णय लेती है, तो उस पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करना उचित नहीं होता।”
उन्होंने तेजस्वी यादव पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का भी आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग चुनाव प्रक्रिया को अव्यवस्थित करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि लोकतंत्र को नुकसान पहुंचे। “इन लोगों का इतिहास उठाकर देखिए, बिहार में कैसे-कैसे चुनाव होते थे, यह किसी से छिपा नहीं है।”
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर तेजस्वी यादव के बयान का जवाब देते हुए मंगल पांडे ने कहा, “चुनाव आयोग अगर किसी मतदाता से जानकारी मांगता है, तो उसमें आपत्ति क्यों? हर भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए, इसमें कोई दो राय नहीं। लेकिन यह मुद्दा बनाकर राजनीति करना सिर्फ वोट बैंक साधने की कोशिश है।”
उन्होंने कहा कि सुझाव लोकतंत्र में हर किसी को देने का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाना देशहित में नहीं है। “हम संविधान के रास्ते पर हैं, और इसी रास्ते से देश और राज्य का विकास संभव है,” मंगल पांडे ने कहा।