सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय, बिहार:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद देशभर में बढ़े सुरक्षा तनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर बुधवार को बेगूसराय जिले में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास के तहत शाम 7 बजे शहर में 10 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया गया।
शाम 6:58 बजे से 7:00 बजे तक बेगूसराय डीएम कार्यालय की छत से सायरन बजाया गया, जिसके बाद पूरे शहर की बिजली काट दी गई और बेगूसराय अंधेरे में डूब गया। यह ब्लैकआउट 10 मिनट तक चला।
लोग जहाँ थे, वहीं स्थिर हो गए, सड़कों पर सन्नाटा छा गया, और नागरिकों ने इस अभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लिया। कुछ लोग देशभक्ति की भावना के साथ समर्थन में सड़कों पर भी उतरते दिखे।
पिछले दिनों पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 27 लोगों की मौत के बाद देशभर में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। उसी कड़ी में बेगूसराय भी अलर्ट मोड पर रखा गया था, जहाँ सुबह से ही आपदा प्रबंधन और सुरक्षा बलों के अभ्यास चल रहे थे।
जनसहयोग और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल :इस मॉक ड्रिल ने न केवल प्रशासन की तैयारियों को दर्शाया, बल्कि जनसहयोग और जागरूकता की भी मिसाल पेश की। लोगों ने कहा कि यह ब्लैकआउट देश की सुरक्षा और एकजुटता का प्रतीक था, और इससे देशवासियों में आत्मबल और सतर्कता की भावना पैदा होती है।