मोकामा चौक बाजार स्थित डाकघर को मोकामाघाट स्थानांतरित करने का प्रस्ताव फिलहाल रद्द कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के तीव्र विरोध और मोकामा विधायक अनंत सिंह की सक्रिय पहल के बाद प्रशासन को अपना फैसला बदलना पड़ा।
दरअसल, प्रशासन 26 तारीख को डाकघर को मोकामाघाट शिफ्ट करने की तैयारी में था। लेकिन दशकों से मोकामा चौक बाजार में संचालित यह डाकघर व्यापारियों के लेन-देन, बुजुर्गों की पेंशन और छात्रों की विभिन्न जरूरतों का अहम केंद्र रहा है। ऐसे में इसके स्थानांतरण की खबर से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी फैल गई। लोगों को आशंका थी कि डाकघर हटने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी होगी। वहीं, स्थानीय जनता ने विरोध जताते हुए सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी आवाज बुलंद की। बढ़ते जनदबाव को देखते हुए विभाग ने पहले ही इस फैसले को अस्थायी रूप से टाल दिया था। इसी बीच मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए चीफ पोस्टमास्टर जनरल को पत्र लिखा और डाकघर को उसके वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मांग की।
गौरतलब है कि विधायक के हस्तक्षेप और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने निर्णय पर पुनर्विचार किया। अंततः डाकघर के स्थानांतरण की प्रक्रिया को पूरी तरह रोक दिया गया। इसे स्थानीय जनता की एकजुटता और जनप्रतिनिधि की प्रभावी भूमिका का नतीजा माना जा रहा है।