T20 वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड का बड़ा धमाका: ऐन मौके पर खतरनाक खिलाड़ी की टीम में वापसी, भारत के लिए खतरे की घंटी…

Ritu Raj

कहते हैं कि समय से पहले और किस्मत से ज्यादा किसी को कुछ नहीं मिलता। काइल जैमीसन इस पुरानी कहावत के जीते-जागते उदाहरण बन चुके हैं। शुरू में तो उन्हें 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड की टीम में जगह नहीं मिली थी। लेकिन जैमीसन ने हार नहीं मानी, मैदान पर पूरी मेहनत और लगन से खेलते रहे। अब अचानक उनका सितारा चमक उठा है। तेज गेंदबाज एडम मिल्ने SA20 में हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट लगने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड के सिलेक्टर्स ने तुरंत काइल जैमीसन को स्क्वॉड में शामिल कर लिया है।

6 फीट 8 इंच लंबे इस तेज गेंदबाज की खासियत है कि दबाव की स्थिति में वे और भी खतरनाक हो जाते हैं। भारतीय बल्लेबाज अक्सर उनकी गेंदों पर तकनीक की कमी से नहीं, बल्कि धैर्य खोने की वजह से विकेट गंवा देते हैं। याद कीजिए 2021 का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल साउथैम्पटन में भारत के खिलाफ जैमीसन ने पहली पारी में 5 विकेट सिर्फ 31 रन देकर झटके, दूसरी पारी में 2 विकेट लिए और बल्ले से भी 21 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। जैमीसन का अंतरराष्ट्रीय करियर भी भारत के खिलाफ ही शुरू हुआ था। 30 दिसंबर 1994 को ऑकलैंड में जन्मे इस गेंदबाज को 2020 में भारत दौरे के पहले टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, हनुमा विहारी समेत 4 विकेट चटकाए और साबित कर दिया कि न्यूजीलैंड का तेज गेंदबाजी भविष्य मजबूत हाथों में है। उसी दौरे पर वनडे डेब्यू में भी उन्होंने 2 विकेट लिए और 24 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच बने।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हाल ही में पीठ की चोट से उबरकर वापसी करने वाले जैमीसन ने भारत के खिलाफ चल रही वनडे और टी20 सीरीज में भी कमाल दिखाया है। पहले वनडे में उन्होंने 41 रन देकर 4 विकेट लेकर अपना करियर बेस्ट प्रदर्शन किया। फिलहाल वे भारत दौरे पर न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा हैं, जिस वजह से विश्व कप स्क्वॉड में उनकी एंट्री आसान हो गई। न्यूजीलैंड ने पहले ही बता दिया था कि मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन पिता बनने के कारण टूर्नामेंट के दौरान छोटा ब्रेक ले सकते हैं। ऐसे में जैमीसन की मौजूदगी टीम की गेंदबाजी को और मजबूती देगी। न्यूजीलैंड का पहला मैच चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ है। जैमीसन जैसे अनुभवी और ऊंचाई वाले गेंदबाज के साथ ब्लैक कैप्स का अभियान और रोमांचक होने वाला है।

Share This Article