सिटी पोस्ट लाइव : कोलकाता-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर 48 घंटे से महाजाम की स्थिति है. उत्तर प्रदेश (यूपी) से सटे कैमूर, रोहतास तथा औरंगाबाद जिले बुरी तरह प्रभावित हैं.महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के लिए प्रयागराज में जुटी भारी भीड़ के कारण यूपी प्रशासन ने बिहार के कैमूर से चंदौली में किसी भी वाहन के प्रवेश पर रोक लगा दी है.एनएच-2 पर लंबा जाम लग गया है. बस छोटे वाहन एंबुलेंस गैस और दूध सप्लाई वाले वाहनों को ही छूट दी जा रही है. मौनी अमावस्या को लेकर प्रयाग में होने वाली भीड़ को देखते हुए जीटी रोड से जुड़े तीनों जिले की पुलिस पहले शहरी क्षेत्र के पहले ही वाहनों को सड़क किनारे खड़े कराने लगी, यह देख कई वाहन उलटे लेन में घुस गए, जिससे देखते-देखते जीटी रोड के आने-जाने वाले दोनों लेन पर वाहनों की कई कतार लग गई.
इस महाजाम में अमृत स्नान में शामिल होने जा रहे बंगाल, झारखंड, बिहार और अन्य राज्यों के हजारों श्रद्धालु फंसे हैं.प्रयागराज से मौनी अमावस्या स्नान के बाद श्रद्धालुओं के लौटने के बाद ही चंदौली से वाहनों के प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. इसके बाद ही स्थिति सामान्य होगी. गुरुवार की शाम तक ही यूपी में वाहनों के प्रवेश की अनुमति मिलने की संभावना है. नेशनल हाइवे पेट्रोलिंग के पदाधिकारी रामाशीष सिंह ने बताया कि प्रयागराज से वाराणसी मोहनिया, डेहरी, औरंगाबाद, शेरघाटी तक जाम की समस्या है.