बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन मंगलवार को वे पटना स्थित अपने आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों को लेकर कई अहम बैठकें भी प्रस्तावित हैं, जिन्हें आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरअसल, दौरे के पहले दिन नितिन नबीन की पहली बैठक अपने पिता स्वर्गीय नवीन सिन्हा की पुण्यतिथि की तैयारियों को लेकर होगी। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को पुण्यतिथि के अवसर पर नवीन सिन्हा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब वे अपने पिता की पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन की अगुवाई करेंगे। इसके अलावा, नितिन नबीन अपने आवास पर रामनवमी एवं रामलीला समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। गौरतलब है कि पिछले कई दशकों से उनके नेतृत्व में पटना में रामनवमी का आयोजन भव्य स्तर पर होता रहा है। बैठक में वर्ष 2026 की रामनवमी को और अधिक भव्य स्वरूप देने पर चर्चा होगी, जिसमें आगामी रामनवमी पर देश के कई बड़े राष्ट्रीय नेताओं के पटना पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बिहार बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद संगठनात्मक फेरबदल को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में बिहार बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। दो दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में रहे नितिन नबीन अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे बिहार के कई अनुभवी कार्यकर्ताओं को बंगाल की चुनावी टीम में शामिल करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।