सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में चुनावी बयार तेज हो गई है, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं को एक बड़ा तोहफा देकर चुनावी दांव खेल दिया है। मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के लिए परीक्षा शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की है। अब सिपाही से लेकर एसडीएम तक की सरकारी नौकरी के लिए फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा (PT) के लिए मात्र 100 रुपये का शुल्क देना होगा।

इस फैसले की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से दी। उन्होंने लिखा, “राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। अब हम लोगों ने युवाओं के हित में एक और निर्णय लिया है।”
उन्होंने आगे बताया कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित होने वाली सभी आयोगों, जैसे बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC), बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग और केंद्रीय सिपाही चयन पर्षद, की प्रारंभिक परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए बड़ी छूट दी गई है।
नई घोषणा के अनुसार, अब प्रारंभिक (PT) परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सिर्फ 100 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके अलावा, जो अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा पास कर लेंगे, उन्हें मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने के लिए कोई भी परीक्षा शुल्क नहीं देना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा और अधिक से अधिक युवा सरकारी नौकरी के लिए प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब बिहार में रोजगार और नौकरी का मुद्दा गरमाया हुआ है। विपक्ष लगातार सरकार पर युवाओं को नौकरी देने के वादे पूरे न करने का आरोप लगा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कदम चुनावी मौसम में एक बड़ा दांव माना जा रहा है, जिसे ‘गिफ्ट’ की तरह देखा जा रहा है।