नीतीश कुमार की नई पारी: राज्यसभा शपथ के साथ क्या बिहार को मिलेगा नया CM? जानिए पूरा प्लान!..

Ritu Raj

बिहार की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव की पटकथा दिल्ली में लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर संसदीय राजनीति की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

दिल्ली में मुलाकातों का दौर और शपथ ग्रहण;
शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली में नीतीश कुमार के आवास पर बिहार के कद्दावर नेताओं का तांता लगा रहा। JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने सुबह उनसे भेंट की। इसके बाद बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी और मदन सहनी ने भी उनसे मुलाकात की। राज्यसभा सदस्य की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे। इस बैठक में बिहार की भावी राजनीतिक रणनीति और NDA सरकार के नए स्वरूप पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बिहार में नई सरकार का संभावित रोडमैप;
सूत्रों के अनुसार, बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया 14 अप्रैल तक पूरी हो सकती है। 13 अप्रैल को नीतीश कुमार पटना में कैबिनेट की आखिरी बैठक कर सकते हैं। वहीं, 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी दिन NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। चर्चा है कि नई सरकार में JDU को पहली बार डिप्टी CM का पद मिल सकता है। पार्टी से दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना है, जिनमें एक नाम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का चर्चा में है। साथ ही, विधानसभा स्पीकर का पद भी JDU के पास जा सकता है।

नीतीश कुमार का बयान;
गुरुवार को दिल्ली पहुँचते ही नीतीश कुमार ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने कहा- “अब यहीं रहूंगा। बहुत समय तक यहाँ काम किया है और अब फिर से यहीं सक्रिय रहूँगा। 20 सालों तक बिहार में बहुत काम किया है और आगे भी विकास का काम जारी रहेगा।”

नेताओं की प्रतिक्रियाएं;
1) विजय कुमार चौधरी (मंत्री): उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री वही बनेगा जिसे NDA के पाँचों दलों के विधायक मिलकर चुनेंगे।
2) मदन सहनी (मंत्री): उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने से न पार्टी खुश है न बिहार, लेकिन यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
3) संतोष निराला (JDU नेता): उन्होंने इसे खुशी का अवसर बताया और उम्मीद जताई कि नीतीश कुमार देश की राजनीति में बिहार की पहचान को और मजबूती देंगे।

Share This Article