सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस पार्टी दिल्ली में काफी सीटें जीत सकती है। साथ ही, उन्होंने यह सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस इस चुनाव में दूसरे नंबर पर आएगी।
पप्पू यादव ने अपनी पोस्ट में कुछ कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम भी दिए, जिनके बारे में उनका मानना है कि वे जीत सकते हैं। उन्होंने लिखा, “संगम विहार- हर्ष चौधरी, बदरपुर- अर्जुन भडाना, बवाना- सुरेंद्र कुमार, सीलमपुर- अब्दुल रहमान, मटिया महल- असीम अहमद ख़ान और सुलतानपुर माजरा- जयकिशन। इसके अलावा ऐसी दो दर्जन सीटें हैं, जहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर हो सकती है।”
दिल्ली चुनाव 2025 में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। फिलहाल आम आदमी पार्टी (AAP) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल और बीजेपी के खिलाफ चुनावी प्रचार में तेजी दिखायी है। इस प्रचार से संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस 2015 और 2020 के मुकाबले इस बार बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
चाणक्य स्ट्रैटजी के एग्जिट पोल में बताया गया कि बीजेपी को दिल्ली में 39-44 सीटें मिल सकती हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 25-28 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 2-3 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। जेवीसी के एग्जिट पोल में बीजेपी को 39-45 सीटों के बीच जीत का अनुमान है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 22-31 सीटें मिल सकती हैं, और कांग्रेस को इस बार सिर्फ 0-2 सीटें मिल सकती हैं।
दिल्ली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 36 सीटों का है। इस चुनाव में कुल 699 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 603 पुरुष और 96 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। 2020 के चुनाव में कुल 672 उम्मीदवार थे। इस बार नई सरकार के गठन के लिए 70 विधानसभा सीटों के नतीजे 8 फरवरी को घोषित होंगे।