पशुपति पारस का बड़ा बयान: एनडीए से नाता खत्म, तेजस्वी से जल्द बातचीत, बिहार में सत्ता परिवर्तन जरूरी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि एनडीए से उनका नाता अब समाप्त हो चुका है और अब वे जल्द ही तेजस्वी यादव से मुलाकात कर महागठबंधन में शामिल होने की दिशा में निर्णय लेंगे।

चिराग पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता में पशुपति पारस ने चिराग पासवान पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र की कई विधानसभा सीटों पर चिराग का दावा करना अनुचित है, क्योंकि यह सीट मूलतः रामविलास पासवान जी की विरासत है, और उसे लेकर राजनीतिक जिद नहीं होनी चाहिए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

5 जुलाई को लोजपा जयंती में महागठबंधन के नेताओं को बुलावा
उन्होंने जानकारी दी कि 5 जुलाई को पटना में आयोजित होने वाले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जयंती समारोह में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत महागठबंधन के सभी प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल पार्टी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित होगा।

बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर हमला
पशुपति पारस ने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और मुख्यमंत्री मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वक्फ बोर्ड की संपत्ति हड़पने की साजिश कर रही है। पारस ने कहा कि अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है और समय आ गया है कि इस निकम्मी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए।

चुनाव आयोग और एनडीए पर सवाल
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि एनडीए पहले ही हार मान चुका है, इसलिए अब प्रक्रिया में भी हस्तक्षेप कर रहा है। उन्होंने कहा, “वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ कर गरीबों और कमजोर तबकों को बाहर करने की साजिश की जा रही है।”

गठबंधन को लेकर खुला संकेत
महागठबंधन में शामिल होने को लेकर पूछे गए सवाल पर पारस ने कहा, “अब देश में सिर्फ दो गठबंधन बचे हैं – एनडीए और इंडिया गठबंधन। मेरा एनडीए से अब कोई संबंध नहीं है। इस सप्ताह तेजस्वी यादव जी से मुलाकात होगी और सब तय हो जाएगा। सब अच्छा होगा।”

Share This Article