भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक मामले में बुधवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान पवन सिंह ने जस्टिस आशुतोष कुमार से साफ कहा कि वह ज्योति के साथ नहीं रहना चाहते और तलाक चाहते हैं। उन्होंने वन-टाइम सेटलमेंट के लिए भी अपनी सहमति जताई।

सुनवाई से पहले पवन सिंह महौली गांव के हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद दोपहर करीब 2:20 बजे कोर्ट पहुंचे। हालांकि इस बार ज्योति सिंह कोर्ट में मौजूद नहीं थीं। करीब 40 मिनट बाद जब पवन सिंह कोर्ट से बाहर निकले, तो वह कुछ मायूस नजर आए और मीडिया के सवालों पर हाथ जोड़कर आगे बढ़ गए। पवन सिंह के वकील सुमन कुमार के अनुसार, कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुलह (रिकॉन्सिलिएशन) के लिए बुलाया था, लेकिन ज्योति सिंह किसी कारणवश नहीं पहुंच सकीं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी उनसे संपर्क करने की कोशिश हुई, जो सफल नहीं रही। पवन सिंह ने कोर्ट में दोहराया कि वह ज्योति के साथ नहीं रहना चाहते और समझौते के लिए तैयार हैं। वहीं, सुनवाई से पहले ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह मांग में सिंदूर लगाए पूजा करती दिखीं। पिछली सुनवाई में ज्योति सिंह कोर्ट पहुंची थीं, लेकिन पवन सिंह अनुपस्थित रहे थे। उस दौरान ज्योति ने कोर्ट से कहा था, “मुझे सिर्फ न्याय चाहिए,” और वह भावुक होकर रो पड़ी थीं। उनके वकील विष्णुधर पांडेय ने मांग रखी थी कि अगर पवन सिंह साथ नहीं रहना चाहते, तो उन्हें 10 करोड़ रुपये, एक मकान और केस के दौरान खर्च दिया जाए।

11 फरवरी की सुनवाई में भी ज्योति सिंह साड़ी और सिंदूर में कोर्ट पहुंची थीं, जबकि पवन सिंह ने बीमारी का हवाला दिया था और अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए थे। उस दौरान ज्योति ने जज से अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा था कि उन्हें हर बार सिर्फ अगली तारीख मिलती है, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं होता। ज्योति ने आरोप लगाया था कि सात साल की शादी में उन्हें सिर्फ मानसिक कष्ट और अनिश्चितता मिली। उन्होंने कहा कि वह हर बार सुलह या निर्णय की उम्मीद लेकर कोर्ट आती हैं, लेकिन बदले में सिर्फ इंतजार ही मिलता है। गौरतलब है कि पवन सिंह की पहली पत्नी नीलम सिंह ने 2015 में आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका नाम भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ जुड़ा। बाद में उन्होंने 7 मार्च 2018 को बलिया निवासी ज्योति सिंह से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका।