भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के उतार-चढ़ाव को लेकर सुर्खियों में हैं। जहां एक ओर उन पर कई तरह के आरोप लगते रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी जिंदगी का एक ऐसा दर्दनाक हिस्सा भी है जो आज भी उन्हें भावुक कर देता है। हाल ही में पवन सिंह ने अपनी पहली पत्नी नीलम सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है।
पवन सिंह ने अपनी दिवंगत पत्नी नीलम सिंह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आपके बिना अधूरा हूं, अधूरा ही रहूंगा।” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे देखकर फैंस भी काफी इमोशनल नजर आ रहे हैं। पवन और नीलम का रिश्ता बहुत छोटा लेकिन गहरा था। साल 2014 में दोनों विवाह बंधन में बंधे थे। वहीं, शादी के महज 3 महीने बाद ही नीलम ने सुसाइड कर लिया था। हालांकि, नीलम की मौत के बाद पवन सिंह पर कई आरोप लगे। कहा गया कि काम की व्यस्तता के कारण पवन उन्हें समय नहीं दे पाते थे, जिससे वह डिप्रेशन और अकेलेपन का शिकार हो गईं।

नीलम को मानते हैं ‘देवी’;
पवन सिंह ने अक्सर सार्वजनिक मंचों और रियलिटी शोज में अपनी पहली पत्नी का जिक्र किया है। उन्होंने नीलम को ‘देवी’ का दर्जा देते हुए कहा कि उनके जैसी महिला दोबारा उनकी जिंदगी में नहीं आ सकती। पवन सिंह अपनी पत्नी की मौत को अपने जीवन का एक ऐसा ‘कलंक’ मानते हैं, जिसका बोझ वह आज भी ढो रहे हैं।