रीतलाल के कुख्यात भाई पींकू ने बेऊर जेल में ऐसा क्या किया कि भेजा गया भागलपुर जेल

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
दानापुर रेलवे स्टेशन से कोथावांं गांव के रास्ते के बीच कभी साइकिल छीनने वाले रीतलाल यादव आज इतने बड़े बाहुबली और माननीय बन चुके हैं कि पुलिस को भी उन पर शिकंजा कसने के लिए तगड़ी रणनीति बनानी पड़ रही है। कल जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने सिटी पोस्ट लाइव से खास बातचीत में कहा भी था कि देखिए, रीतलाल ने अपने साथ-साथ अपने भाई पींकू यादव और साले चीकू को भी फंसा दिया। सब बेऊर जेल के एक ही खंड में बंद हैं, लेकिन लगता है सरकार को यह नहीं भाया कि रीतलाल यादव, संगीन आपराधिक मामलों से घिरे उनके भाई पींकू यादव और साले चीकू एक साथ एक ही जेल में रहे और मीटिंग करते रहे। बातचीत होती रहे। इसलिए जैसे ही शासन-प्रशासन को यह खबर मिली कि रीतलाल, उनके भाई पींकू यादव और चीकू यादव की आपस में खूब गप-शप हो रही है। तुरंत पींकू यादव को बेऊर जेल से उठाकर भागलपुर जेल भेज दिया गया। बिल्डर से रंगदारी और जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में दानापुर विधायक रीतलाल यादव और उनके भाई पिंकू यादव को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इन्हें रिमांड पर लेकर पुलिस सब कुछ उगलवाने की कोशिश करेगी। अलग-अलग पूछताछ की जाएगी और फिर बयानों का मिलानकर काउंटर सवाल पूछे जाएंगे। सूत्रों की मानें तो रीतलाल के काले कारनामों का चिट्ठा उनके साले चिक्कू यादव के पास होता था। लगा कि अब बचना मुश्किल है, तो सभी ने दानापुर अनुमंडल कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। जल्द पुलिस रीतलाल और पिंकू को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पहले रीतलाल यादव के भाई पींकू यादव को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके बाद रीतलाल और चिक्कू को रिमांड पर लिया जाएगा। एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा है कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।

Share This Article