पीके की ‘जन सुराज’ ने जारी की पहली लिस्ट: भोजपुरी गायक रितेश पांडे करगहर से उम्मीदवार, और छपरा शहर से जे.पी सिंह

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
चुनाव रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (पीके) की पार्टी जन सुराज ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में न केवल कई चौंकाने वाले नाम शामिल हैं, बल्कि इसके साथ ही खुद पीके के चुनाव लड़ने की सीट को लेकर चल रहे कयासों पर भी विराम लग गया है।

करगहर से रितेश पांडे, प्रीति किन्नर भोरे से मैदान में
जन सुराज द्वारा घोषित पहली लिस्ट में भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडे को रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। गौरतलब है कि यह वही सीट है, जहाँ से खुद प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा थी। रितेश पांडे ने कुछ महीने पहले ही पूर्व एडीजी जेपी सिंह के साथ जन सुराज की सदस्यता ली थी।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूची का एक और खास नाम गोपालगंज जिले की भोरे विधानसभा सीट से है, जहाँ से प्रीति किन्नर को जन सुराज का उम्मीदवार बनाया गया है। यह दिखाता है कि पीके की पार्टी चुनावों में सामाजिक समीकरणों और नए चेहरों पर दाँव लगा रही है।

पहली लिस्ट में नौ उम्मीदवारों के नाम
जन सुराज की पहली सूची में कुल नौ उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। इन प्रमुख नामों में शामिल हैं:

• करगहर (रोहतास): रितेश पांडे (भोजपुरी गायक)

• भोरे (गोपालगंज): प्रीति किन्नर

• छपरा शहर: पूर्व एडीजी जेपी सिंह

• दरभंगा सदर: आरके मिश्रा

• सहरसा शहर: किशोर मुन्ना

• इमामगंज: अजीत राम

• कुम्हार: केसी सिन्हा

• शेरघाटी (गया): पवन किशोर

• मांझी (सारण): वाईवी गिरि

पीके के चुनाव क्षेत्र को लेकर कयासों पर विराम
पहले कयास लगाए जा रहे थे कि जन सुराज की पहली लिस्ट में 51 उम्मीदवारों के नाम के साथ प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी का भी ऐलान होगा। पीके खुद सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि अगर वह चुनाव लड़ेंगे तो अपनी जन्मभूमि करगहर या कर्मभूमि राघोपुर से लड़ेंगे।

करगहर सीट से रितेश पांडे को टिकट दिए जाने के साथ ही यह लगभग साफ हो गया है कि प्रशांत किशोर अब राघोपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। राघोपुर सीट वर्तमान में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव का गढ़ मानी जाती है। अगर पीके राघोपुर से उतरते हैं तो यह बिहार चुनाव की सबसे हाई-प्रोफाइल टक्करों में से एक होगी।

Share This Article