सिटी पोस्ट लाइव
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके 67वें जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई प्रमुख नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। वह 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रहीं और 25 जुलाई 2022 को देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनका जीवन और नेतृत्व देशभर के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है। सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक आशा और शक्ति की किरण है।” पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू के गरीबों और वंचितों के कल्याण के प्रति समर्पण की भी सराहना की और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिंदी में पोस्ट करते हुए राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ व लंबा जीवन की कामना की। राहुल गाँधी ने लिखा “माननीय राष्ट्रपति महोदया द्रौपदी मुर्मु जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं आपके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना करता हूं।”।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और आदिवासी समुदाय से पहली राष्ट्रपति बनकर उन्होंने एक नया इतिहास रचा है। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की मिसाल है।