सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जैसे ही बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, वहां का माहौल पूरी तरह से उत्सव में बदल गया। उनके स्वागत के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, साथ ही राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पटना एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
पटना एयरपोर्ट से शुरू हुआ प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो, जनसैलाब के बीच बेहद जोश और उत्साह के साथ संपन्न हो रहा है। रोड शो भीमचंद पटेल पथ तक आयोजित किया गया है, जहां लोगों का हुजूम अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा। प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो के दौरान रास्ते में खड़े हजारों लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया, वहीं जनता ने भी ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरे वातावरण को जोशीला बना दिया। पटना की सड़कों पर तिरंगा लहराते हुए हजारों लोग प्रधानमंत्री के स्वागत में खड़े दिखे।
सिर्फ युवा ही नहीं, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने को बेताब दिखे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला आगे बढ़ता, लोग उनके स्वागत के लिए दौड़कर आगे की ओर आते और फिर से एक झलक पाने के लिए उनके साथ-साथ चलते।
जनता के इस विशाल समर्थन और ऊर्जा से साफ झलकता है कि बिहार में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता कितनी व्यापक है। हर चेहरे पर उत्साह, हर हाथ में तिरंगा और हर गली में मोदी-मोदी के नारों से राजधानी पटना देशभक्ति और लोकतांत्रिक उत्सव का प्रतीक बन गया। प्रधानमंत्री मोदी का यह रोड शो न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह बिहार की जनता के उनके प्रति विश्वास और समर्थन को भी दर्शाता है।