त्योहारों से पहले बिहार को रेलवे का बड़ा तोहफा: 12,000 स्पेशल ट्रेनें और कई नई सेवाएं

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले, भारतीय रेलवे ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान बिहार के लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए देशभर से 12,000 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। यह घोषणा राज्य के लोगों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है, जो इन त्योहारों के समय घर वापसी के लिए अक्सर भारी भीड़ और टिकट की समस्या से जूझते हैं।

इस घोषणा के दौरान रेल मंत्री के साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू सांसद संजय झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और सांसद संजय जायसवाल भी मौजूद थे। रेल मंत्री ने बताया कि यह कदम बिहार की जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

नई ट्रेनों की घोषणा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के लिए कई नई ट्रेन सेवाओं की भी घोषणा की। इनमें गया से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शामिल है। इसके अलावा, बौद्ध धर्म से जुड़े स्थलों को जोड़ने के लिए बुद्ध सर्किट ट्रेन भी शुरू की जाएगी। यह ट्रेन वैशाली से शुरू होकर हाजीपुर, पाटलिपुत्र, नालंदा, राजगीर और गया जी सहित भगवान बुद्ध से जुड़े कई प्रमुख स्थानों को जोड़ेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

एक और बड़ी घोषणा करते हुए, रेल मंत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में पूर्णिया से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी चलेगी। यह सेवा बिहार के दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाएगी।

बिहार के नेताओं ने रेल मंत्री का जताया आभार

रेल मंत्री की इस घोषणा पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, संजय झा, राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह और संजय जायसवाल ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से दीपावली और छठ के दौरान बिहार के लोगों में खुशी देखने को मिलेगी। ये नई ट्रेनें न सिर्फ त्योहारों पर भीड़ कम करेंगी बल्कि राज्य की कनेक्टिविटी और पर्यटन को भी मजबूत करेंगी।

Share This Article