रवि किशन : RJD–कांग्रेस ‘जंगलराज और विनाश’ का प्रतीक, जनता के लिए सिर्फ NDA ही सही विकल्प

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भाजपा सांसद और सिने स्टार रवि किशन ने बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र में एनडीए की चुनावी सभा में जोरदार हुंकार भरी। भाजपा प्रत्याशी विनोद नारायण झा के समर्थन में लोहा उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रवि किशन ने विपक्षी महागठबंधन, खास तौर पर राजद और कांग्रेस को भ्रष्टाचार और जंगलराज का प्रतीक बताया।

रवि किशन ने स्पष्ट कहा कि राजद और कांग्रेस से जनता के विकास की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा, “राजद कांग्रेस ने बिहार को विकास के बदले विनाश की ओर धकेलने का काम किया है। राजद के शासनकाल में राज्य नहीं, बल्कि सिर्फ परिवार का विकास हुआ।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पीएम मोदी-नीतीश की जोड़ी ने किया ऐतिहासिक काम
रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि ये दोनों नेता परिवार के लिए नहीं, बल्कि जनता की भलाई और विकास के लिए ऐतिहासिक काम कर रहे हैं। उन्होंने बिहार के लोगों को 2005 से पहले के दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि उस दौर में अपहरण व हत्याएं आम थीं, लेकिन नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में कानून का राज कायम हुआ है और सिर्फ विकास का काम हो रहा है।

उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है, जिसके तहत हर घर की महिलाओं को स्वरोजगार के लिए दस हजार रुपये दिए जा रहे हैं। साथ ही, केंद्र सरकार ने सड़क, स्वास्थ्य, बाढ़ नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की है। मिथिलांचल के लिए मखाना बोर्ड का निर्माण भी एनडीए की एक बड़ी उपलब्धि है।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां
सभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम और उत्तर प्रदेश के मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी मोदी-नीतीश की ‘जुगलबंदी’ की प्रशंसा की। गौरव गौतम ने कहा कि एनडीए सरकार ने युवाओं का भविष्य संवारा है, महिलाओं को सशक्त किया है, किसानों को मजबूत बनाया है और कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है।

यूपी के मंत्री दारा सिंह चौहान ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा, “जिनका इतिहास नौकरी के बदले जमीन लिखवाने का रहा हो, उनके किसी भी झांसे में बिहार की जनता नहीं आएगी।” उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार द्वारा मुफ्त बिजली, मुफ्त राशन, और महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता यह दर्शाती है कि बिहार में अदभुत विकास हुआ है। उन्होंने जनता से डबल इंजन सरकार को प्रचंड जनादेश देने की अपील की।

रवि किशन ने जनता से 11 नवंबर को भाजपा-एनडीए प्रत्याशी विनोद नारायण झा को रिकॉर्ड मतों से जीताकर मोदी और नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए के पक्ष में लहर चल रही है और यह लहर राज्य में विकास और शांति के लिए है।

Share This Article